सिक्का लेने से मना
करने पर होगी कार्रवाई
क्रासर
जिलाधिकरी ने दिया अल्टीमेटम
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। 10 रुपए के बाद अब एक रुपये का सिक्का बंद होने की अफवाहों से जिले की अधिकांश बाजारों में व्यापारी इसे लेने से मना कर रहे हैं। व्यपारियों की मनाही से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मामला प्रकाश में आने के बाद जिलाधिकारी ने सिक्का लेने से मना करने पर संबंधित के खिलाफ केस दर्ज कराने का अल्टीमेटम दिया है।
जिले की अधिकांश बाजारों में इन दिनों एक व 10 रुपए का सिक्का बंद होने को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है। आलम यह है कि अफवाहों को सही मानकर अधिकांश बाजारों में व्यापारी सामान के बदले एक व 10 रुपए का सिक्का लेने को तैयार नहीं हो रहे हैं। व्यापारियों के रवैए से ग्राहकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बाजार में फैली अफवाह का आलम यह है कि इन दिनों एक व 10 रुपए के सिक्के को जमा करने के लिए बैंकों में लंबी कतारें लग रही हैं। शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी योगेश कुमार के निर्देश पर सभी बैंकर्स व व्यवसाइयों को पत्र जारी किया गया है। पत्र में इसे महज अफवाह बताते हुए भारतीय रिजर्व बैंक के अफसरों के बयानों का हवाला दिया गया है। डीएम ने कहा कि व्यापारियों का यह रवैया अपराध की श्रेणी में आता है। जो व्यापारी या उपभोक्ता सिक्का लेने से मना करेगा उसके खिलाफ केस दर्ज कराने के साथ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।