सुल्तानपुर। जिले में 19 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों के स्वास्थ्य के आधार पर उन्हें होम आइसोलेशन में रखते हुए शेष को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया है। शुक्रवार को आई लैब रिपोर्ट से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को राहत मिली है। लैब भेजे गए सभी सैंपल निगेटिव पाए गए हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। हालांकि पिछले दो-तीन दिनों से इसमें कुछ गिरावट आई है। लैब भेजे जा रहे सैंपलों में मरीज कम मिल रहे हैं। शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में लखनऊ भेजे गए 730 सैंपल में सभी निगेटिव आए हैं। डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को रिपोर्ट जारी किया है।
सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि पोर्टल पर एक मरीज संक्रमित अंकित किया गया है। जिले में 1566 लोगों के कराए गए एंटीजन टेस्ट में 16 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि जिला अस्पताल में हुई ट्रूनेट जांच में दो लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
इसमें शहर के नवीपुर, गोलाघाट समेत ग्रामीण क्षेत्र के मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मरीजों को उनके स्वास्थ्य के आधार पर होम आइसोलेशन व कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। कोविड केयर सेंटर में भर्ती व होम आइसोलेशन में रखे गए 31 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।