निमंत्रण में शामिल होकर घर लौट रहे थे दोनों
चांदा (सुल्तानपुर)। निमंत्रण में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे चाचा-भतीजे को बुधवार की देर रात किसी बेकाबू वाहन ने रौंद दिया। इस दुर्घटना में चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर गांव से जुड़ा है।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर गांव निवासी धीरज (26) पुत्र स्व. रामलाल बुधवार की शाम अपने चाचा राम मिलन (45) पुत्र राम किशोर के साथ बाइक से एक निमंत्रण में शामिल होने के लिए घर से निकला था। रात करीब 12 बजे दोनों निमंत्रण में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे।
रास्ते में आनापुर-भीखीपुर गांव के पास किसी वाहन ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को रौंद दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने धीरज और राम मिलन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। एक ही परिवार में दो मौतों से कोहराम मचा है।
बस ने मासूम को कुचला, दो अन्य घायल
गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बसौढ़ी गांव के पास बृहस्पतिवार की दोपहर सड़क पार कर रही बच्ची को रौंदने के बाद एक बस ने सामने से आ रही बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोसाईगंज के बसौढ़ी गांव निवासी राकेश कुमार की पांच वर्षीय बेटी प्रिया बृहस्पतिवार की दोपहर सड़क पार कर रही थी। तभी अयोध्या की तरफ जा रही बस ने प्रिया को रौंद दिया। बच्ची को रौंदने के बाद अनियंत्रित बस ने बाइक सवार मन्नान और गुड्डी निवासी अंगनाकोल थाना गोसाईगंज को टक्कर मार दी। दुर्घटना में प्रिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मन्नान और गुड्डी घायल हो गई।