स्टांप विक्रेता हत्याकांड में पिता-पुत्र गिरफ्तार
सुल्तानपुर। आठ दिन पूर्व हुई स्टांप विक्रेता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त लग्जरी वाहन और बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है। हत्या में शामिल तीन अन्य लोग अब भी फरार हैं।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अभियाकलां निवासी स्टांप विक्रेता देवब्रत तिवारी की 20 जनवरी की शाम को दोमुंहा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने देवब्रत के भांजे की तहरीर पर गांव के ही राजेश तिवारी और प्रदीप (पिता-पुत्र) समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। रविवार सुबह थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह को सूचना मिली कि हत्या आरोपी पिता-पुत्र नगर कोतवाली क्षेत्र में पयागीपुर के पास कहीं फरार होने के लिए खड़े हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लग्जरी वाहन और एक बाइक बरामद कर ली है।