फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विकास

विज्ञापन
विज्ञापन
तीन राजकीय मॉडल स्कूल तैयार, अप्रैल से शुरू होगी पढ़ाई
विज्ञापन

सुल्तानपुर। जिले में तीन राजकीय मॉडल स्कूल बनकर तैयार हो गए हैं। इनमें एक अप्रैल से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। कक्षा संचालन के लिए विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों से शिक्षकों की तैनाती होगी। तीनों मॉडल स्कूलों के संचालन से करीब 1500 बच्चों को पढ़ाई की स्तरीय सुविधा मिलेगी। तीनों मॉडल स्कूलों के भवन निर्माण पर करीब नौ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

जिले के जयसिंहपुर क्षेत्र के अमिलिया सिकरा, दोस्तपुर विकासखंड क्षेत्र के तेंदुआकाजी एवं कूरेभार विकासखंड क्षेत्र के बुआपुर में राजकीय मॉडल स्कूल के भवन बनकर तैयार हुए हैं। प्रदेश सरकार ने मॉडल स्कूलों को पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज के नाम से संचालित करने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन


प्रत्येक विद्यालय में अध्यापन के लिए नौ प्रवक्ता, 13 एलटी ग्रेड और एक प्रिंसिपल की नियुक्ति के लिए शासन ने हरी झंडी दे दी है। नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण होने में हो रही देरी को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने तात्कालिक व्यवस्था के तहत राजकीय इंटर कॉलेजों के शिक्षकों को संबद्ध करने की योजना बनाई है। विद्यालयों में कक्षा छह से लेकर 12 तक दो-दो सेक्शन संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय में साइंस, आर्ट व कॉमर्स पाठ्यक्रम संचालित होंगे।

करीब नौ करोड़ से बने भवन
जिले के तीनों राजकीय मॉडल स्कूल भवनों के निर्माण में लगभग नौ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। जयसिंहपुर के अमिलिया सिकरा व कूरेभार के बुआपुर के स्कूल भवनों में प्रत्येक पर तीन करोड़ दो लाख रुपये खर्च हुए हैं। दो मंजिला बनी इमारत में 40 अध्ययन कक्ष, टॉयलेट, चिकित्सा रूम, लाइब्रेरी, रीडिंग रूम, प्रिंसिपल रूम एवं प्रयोगशाला बनाई गई है। वहीं, दोस्तपुर के तेंदुआकाजी में 32 अध्ययन कक्ष बने हैं। इस विद्यालय भवन की लागत दो करोड़ 75 लाख है। जिलाधिकारी की ओर से नामित समिति के माध्यम से तीनों विद्यालय भवनों में उपलब्ध सुविधाओं की रिपोर्ट शासन को भेजी गई है।

दो स्कूलों में नहीं हो सका बिजली कनेक्शन
मॉडल स्कूलों के भवन निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। भवन में वायरिंग भी हो चुकी है। बावजूद इसके अभी तक जयसिंहपुर के अमिलिया सिकरा व कूरेभार के बुआपुर में विद्युत कनेक्शन नहीं हो सका है। दोस्तपुर के तेंदुआकाजी मॉडल स्कूल में विद्युत कनेक्शन लिया जा चुका है। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि अमिलिया सिकरा व बुआपुर में विद्युत कनेक्शन के लिए अधीक्षण अभियंता के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया गतिमान है। जल्द ही दोनों विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन करा लिया जाएगा।

प्रधानाचार्यों की हुई नियुक्ति
एक अप्रैल से संचालित होने वाले तीनों पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रभारी प्रधानाचार्यों की नियुक्ति डीआईओएस ने कर दी है। बुआपुर में अब्दुल कादिर, अमिलिया सिकरा में लालमणि दुबे व तेंदुआकाजी में सूर्यभान को प्रभारी प्रधानाचार्य का दायित्व सौंपा गया है। जब तक स्थायी प्रधानाचार्यों की नियुक्ति नहीं हो जाती, तीनों प्रधानाचार्य अपने-अपने विद्यालयों की जिम्मेदारी वहन करेंगे।
विज्ञापन


बच्चों को दी जाएगी उत्कृष्ट शिक्षा: डीआईओएस
जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि तीनों मॉडल स्कूलों में बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेजों से योग्य शिक्षकों को तैनात किया जाएगा। नवीन शिक्षण सत्र से तीनों विद्यालयों में कक्षाओं का संचालन कराया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया शासन के निर्देश के मुताबिक होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें