टीकाकरण अभियान की उड़ रहीं धज्जियां
क्रासर
प्रावि बूबूपुर में 16 अक्तूबर से पड़ा है वैक्सीन कैरियर
अमर उजाला ब्यूरो
बाजार शुकुल (अमेठी)। सरकार नौनिहालों को बीमारियों से बचाने के लिए राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम चला रही है। वैक्सीन की निगरानी के लिए अनेक स्थानों पर कमेटी गठित की गई है। पिछले 16 अक्तूबर से प्राथमिक विद्यालय बूबूपुर में बिना किसी सूचना के आज तक वैक्सीन कैरियर पड़ा है। संबंधित महकमा सब कुछ जानते हुए उदासीन बना है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजार शुकुल में टीकाकरण अभियान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नौनिहालों को दी जाने वाली कीमती वैक्सीन खराब हो रही है। जिम्मेदार अधिकारी इसको जानते हुए भी मौन है। नियमित टीकाकरण के लिए वैक्सीन कैरियर 16 अक्तूूबर से आज तक बिना किसी सूचना के प्राथमिक विद्यालय बूबूपुर में पड़ा हुआ है। आज तक वैक्सीन कैरियर पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक बीडी यादव बताते हैं कि वैक्सीन कैरियर की क्षमता केवल 12 घंटे कोल्ड चेन की होती है। उसके बाद वैक्सीन खराब होने लगती है।