आतंकी हमले में मारे गए श्रद्धालुओं को दी श्रद्धांजलि
- कपाली महराज की अगुवाई में निकाला गया कैंडल मार्च
फोटो संख्या-13
कादीपुर (सुल्तानपुर)। अमरनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं पर अनंतनाग जिले में हुए आतंकी हमले की क्षेत्रीय ग्रामीणों ने निंदा की है। बुधवार देर शाम अघोरपीठ सत्यनाथ मठ के पीठाधीश्वर कपाली महराज के नेतृृत्व में नागरिकों ने कस्बे में कैंडल मार्च निकाल मृत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी।
तहसील तिराहे से सरदार पटेल चौक तक स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। पटेल चौक पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। पीठाधीश्वर कपाली महराज ने मृत तीर्थ यात्रियों को श्रद्धांजलि देते हुए हमले की निंदा की। केशव प्रसाद मिश्र ने कहा कि अब सरकार आतंकवादियों को कुचले। श्रद्धांजलि समारोह में दयाराम पांडेय, आनंद जायसवाल, विनोद श्रीवास्तव, विजय शंकर पांडेय, प्रदीप मौर्य, विनोद सोनी व ललित कसौंधन समेत कई लोग मौजूद रहे।
एसडीएम के आश्वासन पर धरना स्थगित
कादीपुर। क्षेत्र के नारायण पारा गांव में नाली एवं चक मार्गों का सही सीमांकन कराने व लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का धरना एसडीएम मोतीलाल सिंह के आश्वासन पर दूसरे दिन बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। नारायण पारा गांव के राजमणि मौर्य, यशोमती गुप्ता, सुभाषचंद्र, वीरेंद्र बहादुर, लालबहादुर व अर्जुन लेखपाल की कारगुजारी से नाराज होकर पिछले बुधवार को एसडीएम कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। बृहस्पतिवार को एसडीएम ने एक टीम बनाकर 16 जुलाई को गांव के नाली एवं चक मार्गों का सही सीमांकन कराने के आश्वासन एवं लेखपाल का स्थानांतरण होने और चार्ज लेने की बात समझाकर धरने को समाप्त करा दिया।