बिजली की समस्या से जूझी 20 हजार आबादी
लाइन शिफ्टिंग के लिए 10 घंटे बंद रहा दो फीडर
सुल्तानपुर। शहर में एसपी आवास के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज की लाइन शिफ्टिंग के लिए ब्रेकडाउन लेने से शहर की करीब 20 हजार आबादी दिन भर बिजली की समस्या से जूझी। शिफ्टिंग के लिए दिन भर दो फीडर बंद रहे। रात में आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
शहर में एसपी आवास के पास बन रहे ओवरब्रिज के बगल से गुजरी लाइन को शिफ्ट करने के लिए बृहस्पतिवार को विद्युत वितरण खंड ने सुबह से ब्रेक डाउन लिया था। इस दौरान डाकखाना उपकेंद्र का बढ़ैया वीर व पुलिस लाइन फीडर बंद कर दिया गया। विद्युत वितरण खंड ने इस दौरान निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास गुजरी 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार व पोल शिफ्ट करवाने का कार्य कराया। पोल तार हटाकर अंडर ग्राउंड केबल का कार्य कराया गया। रात करीब आठ बजे तक दोनों फीडर के लिए गए ब्रेक डाउन से शहर की करीब 20 हजार आबादी बिजली समस्या से जूझती रही। भीषण उमस में लोग परेशान रहे। रात में आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ केशरी प्रसाद ने बताया कि ब्रेक डाउन के दौरान अधिकांश कार्य पूरा करा लिया गया है। थोड़ा काम अभी बचा है, आपूर्ति बहाल कर दी गई है।