माध्यमिक स्कूलों में चलेंगी
12 प्रकाशकों की पुस्तकें
क्रासर
माध्यमिक शिक्षा परिषद से निर्धारित हुई कीमत
दुकानों का औचक निरीक्षण करेगी गठित टीम
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को अब बाजार में सरकार की ओर से निर्धारित मूल्य पर पुस्तकें मिलेंगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शिक्षण सत्र वर्ष 2017-18 में 12 प्रकाशकों को नामित करते हुए कक्षा और विषयवार पुस्तकों का निर्धारण कर दिया है। शासन के निर्देश पर निदेशालय की ओर से इन पुस्तकों के मूल्यों का भी निर्धारण कर दिया गया है। निदेशक माध्यमिक शिक्षा परिषद ने डीएम और डीआईओएस को पत्र भेजकर जिले के माध्यमिक विद्यालयों में नामित प्रकाशकों की ही पुस्तकों का संचालन कराने का निर्देश दिया है। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि जिले में पुस्तकों की कमी हो तो तत्काल माध्यमिक शिक्षा परिषद को अवगत कराएं जिससे जिले की दुकानों पर तत्काल पुस्तकें उपलब्ध कराई जा सकें।
निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर पुस्तकों की बिक्री नहीं हो इसके लिए ब्लॉकवार कमेटी गठित करने को कहा गया है। निदेशक का पत्र मिलने के बाद डीएम चंद्रकांत पांडेय ने डीआईओएस डॉ. ओपी मिश्रा को कमेटी गठित करने का निर्देश दिया है। डीआईओएस ने बताया कि जल्द ही टीम गठित कर दी जाएगी। गठित टीम बाजार में स्थित दुकानों पर जाकर निर्धारित मूल्य पर ही पुस्तकों की बिक्री सुनिश्चित कराने के साथ ही मार्केट में उसकी उपलब्धता का आकलन करेगी। डीआईओएस ने बताया कि निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर किताबें बेचने की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।