अब 20 तक निरस्त रहेंगी छह रद्द ट्रेनें
गौरीगंज। वीपीएल पैसेंजर समेत लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर संचालित तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों के निरस्तीकरण की अवधि फिर बढ़ा दी गई है। अब ये ट्रेनें 20 मई तक निरस्त रहेंगी।
दिसंबर माह में संभावित कोहरे को देखते हुए रेलवे ने पिछले नवंबर माह में लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर संचालित तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त कर दिया था।
निरस्त की गई ट्रेनों में वाराणसी से लखनऊ के बीच संचालित अप/डाउन वीपीएल पैसेंजर, प्रतापगढ़ से लखनऊ के बीच संचालित अप/डाउन शटल पैसेंजर और लखनऊ से प्रतापगढ़ के बीच संचालित अप/डाउन डीएमयू पैसेंजर शामिल थीं।
इन ट्रेनों के निरस्तीकरण की अवधि 11 मई को समाप्त होनी थी। 12 मई से ट्रेनों के संचालित होने की जानकारी पर रविवार को बड़ी संख्या में यात्री रेलवे स्टेशन पहुंचे तो पता चला कि विभाग की ओर से इन ट्रेनों के निरस्तीकरण की अवधि 20 मई तक बढ़ा दी गई है।
स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने वीपीएल, शटल व डीएमयू पैसेंजर ट्रेनों के निरस्तीकरण की अवधि 20 मई तक बढ़ने की पुष्टि की है।