सुल्तानपुर। हरियाणा से बिहार भेजी जा रही अवैध शराब की खेप एक पुलिस कर्मी की दिलेरी से पकड़ ली गई। सिपाही की सूचना के बाद हरकत में आई पयागीपुर पुलिस चौकी के सिपाहियों ने ट्रक का पीछा करते हुए भूसे में छिपाकर ले जाई जा रही 1150 पेटी अवैध शराब बरामद किया है। हालांकि पुलिस कर्मियों को चकमा देकर ट्रक का चालक फरार हो गया।
कोतवाली नगर के लक्ष्मणपुर पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही विनोद सैनी को बुधवार की सुबह करीब साढे़ 10 बजे सूचना मिली कि एक ट्रक पर हरियाणा की निर्मित देसी शराब भूसे में भरकर बिहार भेजी जा रही है।
सिपाही विनोद सैनी ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को देते हुए तत्काल पयागीपुर पुलिस चौकी इंचार्ज अजय चौरसिया को दी। चौकी इंचार्ज ने सिपाही विनोद सैनी के साथ पयागीपुर के पास वाहन चेकिंग लगाकर ट्रक की सघन जांच शुरू कर दी। इस दौरान संदिग्ध ट्रक को पुलिस ने रोका तो उसका चालक वाहन लेकर भागने लगा।
विनोद सैनी और चौकी इंचार्ज ने ट्रक का बाईपास तक बाइक से पीछा किया। पुलिस कर्मियों को पीछा करते हुए देखकर ट्रक चालक ने वाहन को सड़क किनारे रोका और कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसके अंदर भूसा भरा था।
भूसे में ही हरियाणा की निर्मित देसी शराब की 1150 पेटी शराब बरामद की गई। शराब की कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है। नगर कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि ट्रक को सीज कर शराब को जब्त कर लिया गया है। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।