मेडिकल कैंप में डॉक्टर के न आने पर भड़के निशक्त
जिला अस्पताल में किया प्रदर्शन, दिया ज्ञापन
लापरवाह चिकित्सकों पर कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। जिला अस्पताल परिसर में हर हफ्ते होने लगने वाले मेडिकल कैंप में गुरुवार को डॉक्टरों के न पहुंचने पर निशक्त भड़क गए। निशक्तों ने इसकी जानकारी सीएमओ को दी तो उन्होंने संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। इस पर निशक्तों ने जमकर हंगामा करने के बाद मामले की शिकायत डीएम से करते हुए अनुपस्थित चिकित्सकों व सीएमओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शासन के आदेश पर जांच करने के बाद निशक्त प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए हर बृहस्पतिवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय में मेडिकल कैंप लगता है। बृहस्पतिवार को सुबह 10:00 बजे अस्पताल पहुंचे 50 निशक्तों ने अपना पंजीकरण करवाया। दोपहर बाद 1:00 बजे तक कैंप में डॉक्टरों के न पहुंचने से नाराज निशक्तों ने इसकी जानकारी किसान नेता रीता सिंह को दी। सूचना मिलते ही रीता सिंह अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने इस संबंध में सीएमओ आरएम श्रीवास्तव से बात की। सीएमओ के जवाब से असंतुष्ट होने के बाद निशक्त अस्पताल में प्रदर्शन करने लगे। निशक्तों के प्रदर्शन की सूचना मिलने के दो घंटे बाद सीएमओ अस्पताल पहुंचे तो निशक्तों ने उनके खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे निशक्तों ने डीएम को ज्ञापन देकर नामित चिकित्सकों के साथ सीएमओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर अशोक कुमार, अजय कुमार, कलावती, धर्मराज, रामदास, जगदीश, नीलम व मुस्तकीम सहित बड़ी संख्या में निशक्त मौजूद रहे।