तैयारियां पूरी, आज होगा योग कार्यक्रम
क्रासर
छह हजार लोग करेंगे कार्यक्रम में प्रतिभाग
जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रभारी मंत्री करेंगे शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को जिला मुख्यालय सहित सभी ब्लॉकों व तहसीलों में योग कार्यक्रम आयोजित होगा। मंगलवार पूरे दिन नोडल अधिकारी कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। शहर के नवोदय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री के साथ एक हजार तो ब्लॉक व तहसील स्तरीय कार्यक्रमों में करीब पांच हजार लोग प्रतिभाग करेंगे।
शासन के निर्देश पर बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों व ब्लॉकों में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम सफल बनाने के लिए मंगलवार को कार्यक्रम के नोडल अधिकारी पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर सुविधाएं दुरुस्त करने में जुटे रहे। शहर के जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा के साथ जिला स्तीय अधिकारी-कर्मचारी व एक हजार लोग प्रतिभाग करेंगे। इसी तरह सभी तहसील व ब्लॉक पर आयोजित कार्यक्रमों में भी पांच हजार लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। इस दौरान प्रशिक्षक लोगों को योग क्रिया करवाते हुए उसके फायदे बताएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डीआईओएस डॉ. ओमप्रकाश मिश्र व सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी आशुतोष मिश्र ने बताया कि योग कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक योग कार्यक्रम होगा।