सूरज ने आसमान से बरसाई ‘आग’
भीषण गर्मी से लोग बेहाल, दोपहर में घर से निकलना हुआ मुश्किल
40.0 डिग्री सेल्सियस रहा पारा
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। जिले में कई दिनों से हो रही भीषण गर्मी के कहर से लोग बेहाल हो गए हैं। जेठ की दोपहरी में लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बुधवार को भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को मौसम साफ रहने और तापमान में वृद्धि का अनुमान है। भीषण गर्मी के कहर से जिले के लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। भीषण गर्मी के कहर से दिन में लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जेठ माह की दोपहरी में मानों आसमान से आग बरस रही है। बुधवार को सुबह के समय मौसम साफ रहा और धूप निकल आई। सुबह करीब 10 बजे से कड़ी धूप अखरने लगी। दोपहर आते-आते चिलचिलाती धूप कहर ढाने लगी। दिन भर हुई भीषण गर्मी से लोग बेहाल हो गए। तेज धूप से बचाव के लिए लोगों ने तरह-तरह के जतन किए। शाम के समय सूरज की तपिश कम होने पर लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल गई। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को मौसम साफ रहने और तापमान में वृद्घि का अनुमान लगाया है।
नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र कुमार सिंह नागा ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 40.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम में आर्द्रता 74-35 फीसदी रही। उत्तरी-पुरवा हवा की गति 3.8 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई है।