रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं के लिए वरुण गांधी ने लिखा पत्र
सुल्तानपुर। सांसद वरुण गांधी ने जिले के मॉडल रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं के लिए रेल मंत्री को पत्र लिखा है। साथ ही रक्षा सचिव को पत्र लिखकर जिले में सेना भर्ती केंद्र खोलने की मांग की है।
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने जिले के मॉडल रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का अभाव बताया है। उन्होंने रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर तीनों प्लेटफॉर्म पर कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम लगवाने एवं समुचित शेड निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही प्लेटफार्म के उबड़-खाबड़ ब्लॉक्स को बदलकर कोटा स्टोन लगवाने के लिए पत्र लिखा है। सांसद ने कहा कि सुविधाओं के अभाव से यात्रियों को परेशानी हो रही है।
मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि इसके साथ ही सांसद ने जिले में सेना भर्ती केंद्र की स्थापना करने के लिए रक्षा सचिव को पत्र लिखा है। कहा है कि जिले में सेना भर्ती केंद्र न होने से युवाओं को दूसरे जनपदों में जाना पड़ता है। उन्होंने रक्षा सचिव से सेना भर्ती केंद्र की स्थापना को आवश्यक बताते हुए इस पर ध्यान देने की मांग की है। सांसद की पहल की भाजपा नेताओं ने सराहना की है।