सीएचसी-पीएचसी में भी खुलेंगे जन औषधि केंद्र
गौरीगंज। केंद्र सरकार ने जिला अस्पताल के साथ ही सभी सीएचसी/पीएचसी परिसर में भी प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का संचालन शुरू कराने का निर्णय लिया है। योजना को अमली जामा पहनाने के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सीएमओ को पत्र भेजकर तीन दिन में केंद्र के लिए अस्पतालों में कक्ष निर्धारण की सूचना मांगी है।
जन सामान्य को गुणवत्ता परक जेनरिक औषधियां सस्ती दर पर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने पीएम जन औषधि केंद्र की शुरुआत की थी। पहले चरण में यह औषधि केंद्र बाजारों में खोले गए। हालांकि जागरूकता के अभाव में लोगों को इसका सही लाभ नहीं मिल सका। इसकी जानकारी होने पर अब सरकार ने जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी/पीएचसी में जन औषधि केंद्र खोलने का आदेश दिया है।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सीएमओ को पत्र भेजकर अस्पतालों में ओपीडी के निकट न्यूनतम 120 स्क्वायर फीट का एक कक्ष चिह्नित कर औषधि केंद्र स्थापित कराने का निर्देश दिया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी का पत्र मिलने के बाद सीएमओ ने जिले के सभी अधीक्षकों को पत्र भेजकर तत्काल जन औषधि केंद्र की स्थापना के लिए निर्धारित मानक के अनुरूप अस्पताल में कक्ष का निर्धारण करते हुए फोटोग्राफ समेत सूचना भेजने को कहा है। आदेश का पालन न करने पर संबंधित अधीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की चेतावनी दी गई है।