एसडीएम की अगुवाई में चला अतिक्रमण विरोधी अभियान
-गांधी चौक व जामा मस्जिद के आसपास हटवाए अवैध कब्जे
अमर उजाला ब्यूरो
अमेठी। शहर में अतिक्रमण के चलते आए दिन जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। जाम की समस्या के कारण शहर में आवागमन आए दिन प्रभावित रहता है। जाम की समस्या को देखते हुए शनिवार को उप जिलाधिकारी प्रियंका सिंह के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस एवं नगर पंचायत की टीम की ओर से शहर के गांधी चौक व जामा मस्जिद के आसपास अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया।
अतिक्रमण विरोधी अभियान की सूचना मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अतिक्रमणकारी अपनी अपनी दुकानें समेट कर भागने लगे। एसडीएम ने बताया कि जामा मस्जिद के आसपास लग रही आलू की दुकानों के साथ ही नाली तक हुए अतिक्रमण को जेसीबी से हटवाया गया। बताया कि अतिक्रमण विरोधी अभियान सप्ताह में एक दिन चलाया जाएगा। एक बार अतिक्रमण हटाने के बाद भी अगर दोबारा अतिक्रमण किया जाएगा तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।