ट्रांसफार्मर जलने से बंद पड़ा राजकीय नलकूप
सिंचाई को लेकर परेशान हुए किसान
अमर उजाला ब्यूरो
मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। खनुहट ग्राम पंचायत के कटरा बाजार में स्थापित राजकीय नलकूप-16 करीब 15 दिनों से बंद पड़ा है। नलकूप संचालन के लिए लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया है। इससे नलकूप संचालित नहीं हो पा रहा है। इस कारण किसान धान के बेहन की रोपाई को लेकर परेशान हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर भी अभी तक कोई विद्युत कर्मी नहीं पहुंच सका है। इस वजह से किसानों में रोष है।
दियरा उपकेंद्र के मोतिगरपुर फीडर पर जुड़ा खनुहट ग्राम पंचायत के कटरा बाजार में स्थित राजकीय नलकूप संख्या-16 का 63 केवीए का ट्रांसफार्मर करीब 15 दिन पहले जल गया। इस कारण तीन फेज में केवल एक ही फेज में विद्युत आपूर्ति हो पा रही है। इससे जहां एक ओर घरेलू उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की आपूर्ति मिल रही है, वहीं ट्रांसफार्मर से संचालित राजकीय नलकूप व दो निजी नलकूपों का संचालन पूरी तरह से बंद हो गया है। किसान धान की बेहन लगाने को लेकर परेशान हैं। किसानों का कहना है कि पानी न मिलने से बेहन रोपाई का काम पिछड़ रहा है। किसान राजेश वर्मा ने कहा कि पावर कॉर्पोरेशन की उदासीनता से किसानों के सब्र की सीमा टूटने लगी है। शिकायत के बाद भी अब तक न कोई अधिकारी आया और न ही कोई विद्युत कर्मचारी ही खराब ट्रांसफार्मर को ठीक करने पहुंचा। क्षेत्र के अशोक वर्मा, सुड्डू वर्मा, राम संभार, महेंद्र वर्मा, कमलेश, मोतीलाल ने जिलाधिकारी से नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है।