वीर अब्दुल हमीद के शहादत दिवस पर शहर में तिरंगा यात्रा निकालते सीआरपीएफ के जवान।
सुल्तानपुर। शहर के पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में बुधवार को वीर अब्दुल हमीद का शहादत दिवस मनाया गया। इस दौरान 160 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा शहीद के सम्मान में निकाली गई।
बतौर मुख्य अतिथि सीआरपीएफ त्रिसुंडी के डीआईजी मदन कुमार शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हर वर्ग अपने लोगों का सम्मान करता है और उन्हें याद करता है। आम जनता ने जो वीर अब्दुल हमीद के लिए जज्बा दिखाया है, वह काबिले तारीफ है। वीर अब्दुल हमीद ने वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में अपनी वीरता से पाकिस्तान के टैंकों को नष्ट किया था।
कार्यक्रम में भारतीय सेना के मेजर दानिश इदरीसी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। डीआईजी मदन कुमार ने परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के चित्र पर पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों और समाजसेवियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। सीआरपीएफ के जवानों ने शहर के बाधमंडी से नगर पालिका गेट तक 160 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली।
इस मौके पर डॉ.एके सिंह, नगर पालिका परिषद के चेयरमैन प्रवीन अग्रवाल, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी शकील अहमद, मकसूद आलम, डॉ. सुधाकर सिंह, पूर्व तहसीलदार अब्दुल हई, करतार केशव यादव, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह व अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में वीर अब्दुल हमीद एसोसिएशन के अध्यक्ष मकबूल अहमद नूरी ने कार्यक्रम में आए अतिथियों का आभार जताया।