जिले में पंचायत चुुनाव चार चरणों में होंगे। साढ़े 16 लाख मतदाता प्रत्यशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। अधिसूचना जारी होते ही जिले में पंचायत चुुनाव की सरगर्मी बढ़ गई है। उहापोह की स्थिति से गुजर रहे डीडीसी व बीडीसी के दावेदारों ने क्षेत्र में ताकत झोंक दी है। चुुनाव टलने को लेकर हाईकोर्ट की ओर से नजर गड़ाए लोगों को अधिसूचना जारी होने से निराशा हुई है।
जिले में जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के चुनाव चार चरणों में कराए जाएंगे। पहला चरण के लिए नौ, दूसरे के लिए 13, तीसरे के लिए 17 व चौथे के लिए 29 अक्तूबर को मतदान होगा। चार चरणों में चुनाव कराने के लिए निर्वाचन कार्यालय ने चरण वार ब्लॉकों का निर्धारण कर लिया है। पहले चरण में धनपतगंज, कूरेभार, जयसिंहपुर व मोतिगरपुर विकास खंडों में चुनाव कराए जाएंगे।
दूसरे चरण में बल्दीराय, कुड़वार व दूबेपुर ब्लॉक में चुनाव होंगे। तीसरे चरण में अखंडनगर, कादीपुर, दोस्तपुर व करौंदीकलां ब्लॉकों में वोट डाले जाएंगे। चौथे व अंतिम चरण में भदैंया, लंभुआ व प्रतापपुर कमैचा ब्लॉकों में वोट पड़ेंगे। चरणवार ब्लॉकों का बंटवारा करने के बाद निर्वाचन कार्यालय चुनाव की तैयारियों में जुट गया है।
दावे व आपत्तियों का कार्य बंद
पंचायत चुनाव में जिले के 16 लाख, 54 हजार 663 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। आयोग के निर्देश के बाद छूटे हुए लोगों को मतदाता बनाने एवं मृतकों का नाम काटने के लिए जा रहे दावे व आपत्तियों का काम सोमवार से अधिसूचना जारी होने के बाद बंद हो गया। प्रशासन अब आए दावे व आपत्तियों का निस्तारण कराकर मतदाताओं की पूरक सूची तैयार करेगा।
असमंजस की स्थिति खत्म
सोमवार को दोपहर बाद निर्वाचन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होते ही पंचायत चुनाव को लेकर चल रही उहापोह की स्थिति खत्म हो गई। हालांकि हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई के बीच चुनाव टलने की उम्मीद लगाए लोगों को निराशा हाथ लगी है।
आज से नामांकन पत्रों के बिक्री की तैयारी
आयोग से पंचायत चुनाव की तैयारी में लगा निर्वाचन कार्यालय अधिसूचना जारी होते ही सक्रिय हो गया है। निर्वाचन कार्यालय मंगलवार से ब्लॉक मुख्यालयों एवं जिला पंचायत में नामांकन पत्रों की बिक्री कराने की तैयारी में जुटा है। बिक्री के लिए नामांकन पत्र पहले ही ब्लॉक मुख्यालयों एवं जिला पंचायत को भेज दिए गए थे। साथ ही नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री के लिए अधिकारी व कर्मचारी नामित कर दिए गए हैं।