तीन एडीओ पंचायतों का रोका वेतन
सुल्तानपुर। शासन की ओर से 30 जून तक जिले को ओडीएफ घोषित करने की योजना में शिथिलता बरतने पर कार्रवाई शुरू हो गई है। समीक्षा में अतिरिक्त प्रसाधनों का निर्माण करवाने मेें लापरवाही बरतने पर सीडीओ ने तीन एडीओ पंचायतों का वेतन अग्रिम आदेेेशों तक रोक दिया है।
विकास भवन में शनिवार की देर शाम नियमित समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी को तीन ब्लॉकों में अतिरिक्त प्रसाधनों के निर्माण की प्रगति काफी खराब मिली।
लंभुआ, कूरेभार व धनपतगंज विकास खंड की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। नए पात्रों की फीडिंग के बाद अतिरिक्त प्रसाधनों के निर्माण का कार्य बहुत धीमा पाया गया।
कई बार चेतावनी के बाद भी सुधार नहीं आने पर मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कार्य पर नाराजगी जताई। उन्होंने लंभुआ के एडीओ पंचायत मोहम्मद दाउद, कूरेभार के एडीओ पंचायत सीबी दुबे व धनपतगंज के एडीओ पंचायत ओमप्रकाश दूबे का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया।
तीन एडीओ पंचायतों को प्रगति में सुधार का निर्देश दिया है। प्रगति में सुधार नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। समीक्षा के दौरान अन्य ब्लॉकों के एडीओ पंचायतों एवं सेक्रेटरियों को 30 जून तक अपने गांवों को ओडीएफ घोषित करने का लक्ष्य दिया है। बैठक मेें जिला पंचायतराज अधिकारी निरीशचंद्र साहू समेत अन्य मौजूद रहे।