जेल में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
सुल्तानपुर। जिला कारागार का सोमवार को जिला जज ने डीएम व एसपी के साथ त्रैमासिक निरीक्षण करने पहुंचे। करीब दो घंटे के निरीक्षण के बाद जिला जज ने जेल अधीक्षक को जेल में बंदियों को मिलने वाली जरूरी व्यवस्था मुहैया कराने के साथ ही खान-पान पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
जिला जज तनबीर अहमद सोमवार की दोपहर सीजेएम आशारानी, डीएम सी इंदुमती व पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार, सीएमओ डॉ. चंद्रभूषण नाथ त्रिपाठी के साथ जिला कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण करने पहुंचे।
जिला जज के साथ मौजूद अधिकारियों ने कारागार के सभी बैरकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से भी पूछताछ की।
बंदियों से खाने-पीने के बारे में जानकारी लेने के बाद जिला जज ने जेल अधीक्षक अमिता दूबे को व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। जिला जज ने अभिलेखों की भी जांच की। करीब दो घंटे के निरीक्षण के बाद सभी अधिकारी जेल से वापस लौटे।