एक जुलाई से शुरू होगा विशेष संचारी रोग पखवारा
गौरीगंज। शासन के निर्देश पर इंसेफलाइटिस, जापानी बुखार समेत कई संक्रामक बीमारियों पर अंकुश लगाने के लिए एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण पखवारा आयोजित होगा।
इसके लिए डीएम ने शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक कर संक्रामक बुखार से लोगों को बचाने के लिए साफ-सफाई के साथ दवाओं का छिड़काव व टीकाकरण के लिए टीम गठित करने का आदेश दिया है।
बरसात के मौसम में फैलने वाले संक्रामक बुखार से होने वाली मौत पर अंकुश लगाने के लिए शासन के निर्देश पर एक से 31 जुलाई तक जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण पखवारा आयोजित होगा। डीएम डॉ. राम मनोहर मिश्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार देर शाम अफसरों के साथ बैठक की।
बैठक में डीएम ने डीपीआरओ व अधिशाषी अधिकारी नगरीय क्षेत्र को साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही सीएमओ को इंसेफलाइटिस (एईएस), जापानी बुखार, मस्तिष्क ज्वर, डेंगू, मलेरिया, चिकुनगुनिया बीमारी से बचाव का टीकाकरण कराने के लिए टीम गठित करने को कहा है।
डीएम ने पखवारा के दौरान सभी को कार्ययोजना बनाकर 25 जून तक जमा करने का निर्देश दिया। साथ ही संक्रामक बीमारी से मौत की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में सीडीओ प्रभुनाथ, सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक आशुतोष दुबे समेत सभी विभाग के अफसर मौजूद रहे।