25 जून से निरस्त रहेंगी सात जोड़ी ट्रेन
गौरीगंज। गर्मी की छुट्टियों में रेल यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। चारबाग स्टेशन पर मरम्मत के लिए विभाग ने लखनऊ-वाराणसी व लखनऊ-प्रयाग वाया प्रतापगढ़ ट्रैक पर संचालित सात जोड़ी ट्रेनों को 25 जून से निरस्त करने का आदेश दिया है।
निरस्तीकरण आदेश जारी होने के बाद इस अवधि का आरक्षण करवा चुके यात्री टिकट निरस्त कराने व नया आरक्षण लेने के लिए परेशान हैं।
लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक के यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। रेल विभाग ने लखनऊ स्टेशन पर मरम्मत के लिए 25 जून से 12 जुलाई तक ब्लॉक आदेश जारी किया है।
ब्लॉक आदेश मिलने के बाद संचालन विभाग ने अप न्यू फरक्का एक्सप्रेस को 25 जून से 13 जुलाई व डाउन न्यू फरक्का एक्सप्रेस को 23 जून से 11 जुलाई तक निरस्त किया है।
इसी तरह अप बरेली-प्रयाग पैसेंजर 26 जून से 13 जुलाई, डाउन बरेली-प्रयाग पैसेंजर 25 जून से 12 जुलाई, अप/डाउन पीआरएल पैसेंजर, अप/डाउन वीपीएल पैसेंजर व अप/डाउन शटल पैसेंजर को 25 जून से 12 जुलाई तक निरस्त किया गया है।
अप पद्मावत एक्सप्रेस को 25 जून से नौ जुलाई, डाउन पद्मावत एक्सप्रेस को 26 जून से 10 जुलाई और अप जनता एक्सप्रेस को 25 जून से 09 जुलाई तो डाउन जनता एक्सप्रेस को 26 जून से 10 जुलाई तक निरस्त कर दिया है।
संचालन विभाग का आदेश सार्वजनिक होने के बाद पहले से आरक्षित टिकट करा चुके यात्रियों में हड़कंप मचा है। आरक्षण करवा चुके यात्री टिकट निरस्त कराने के लिए बुकिंग काउंटर पर परेशानी झेल रहे हैं।
ट्रैक के सभी स्टेशनों पर ठहराव वाली पैसेंजर ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा। इस आदेश से विभाग को आर्थिक क्षति भी उठानी पड़ेगी। सेक्शन इंजीनियर वीवी शुक्ल व स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने रेलवे की ओर से ट्रेनों का निरस्तीकरण आदेश जारी करने पुष्टि की है।