बावरिया गिरोह ने की थी सियालदह एक्सप्रेस में लूट
सुल्तानपुर। दो माह पूर्व सियालदह एक्सप्रेस यात्रियों के साथ लूटपाट करने वाले बावरिया गिरोह के आरोपी को जीआरपी ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। जीआरपी ने आरोपी के कब्जे से लूट का मोबाइल, अंगूठी व चाकू बरामद किया है।
बीते 17 अप्रैल की रात सियालदह अप एक्सप्रेस पर बंधुआकलां रेलवे स्टेशन के पास चेनपुलिंग होने के बाद चढ़े बदमाशों ने स्लीपर कोच के एस-2 बोगी में मौजूद यात्रियों से चाकू के जोर पर लूटपाट की थी।
बदमाशों ने तीन महिलाओं व एक पुरुष यात्री से करीब एक लाख से अधिक के जेवर व नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मठाभुसुंडा गांव के पास चेन पुलिंग कर ट्रेन से उतरकर फरार हो गए।
एक पीड़ित यात्री की तहरीर पर बरेली जीआरपी में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक नौशाद अहमद की अगुवाई में शुक्रवार को गोमती नदी के निकट रेल ट्रैक के पास शामली जिले के झिझाना थाने के खानपुरकलां गांव निवासी अजय को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी बावरिया गिरोह से जुड़ा है, जो ट्रेनों में आए दिन यात्रियों के साथ मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम देता है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए युवक के पास से एक मोबाइल फोन घटना में प्रयुक्त चाकू व सहारनपुर जीआरपी में दर्ज डकैती के मुकदमे से संबंधित पीली धातु की अंगूठी बरामद हुई है। उसके अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।