फर्श पर नवजात के साथ लेटी मिली प्रसूता
सुल्तानपुर। जिले के दो दिवसीय दौरे पर पहुंची नोडल अधिकारी व पंचायती राज सचिव ने शुक्रवार की दोपहर जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्हें जिला महिला अस्पताल में फर्श पर नवजात के साथ प्रसूता लेटी दिखी। यही नहीं जिला महिला अस्पताल में बिना अनुमति कैंटीन और अवैध शौचालय संचालित करने की भी शिकायत मिली।
सचिव ने अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द जिला महिला अस्पताल के 100 शैय्या के एमसीएच विंग को चालू कराया जाए।
जिले की नोडल अधिकारी और पंचायतीराज सचिव प्रीती शुक्ला शुक्रवार को जिले के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं। उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया।
जिला अस्पताल में न्यू इमरजेंसी विंग के साथ ही वार्डों में भर्ती मरीजों से प्रीती शुक्ला ने चिकित्सीय सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वे जिला महिला अस्पताल पहुंच गईं।
जिला महिला अस्पताल में उन्हें एक महिला अपने नवजात शिशु के साथ फर्श पर लेटी मिली तो वे हैरान हो गईं। उन्होंने जिला महिला अस्पताल के चिकित्सकों को फटकार लगाते हुए प्रसूता को तत्काल बेड मुहैया कराने को कहा।
उन्होंने जिला महिला अस्पताल में अत्याधुनिक संसाधनों से लैस 100 शैय्या के एमसीएच विंग का भी निरीक्षण किया। सचिव ने कहा कि जब एमसीएच विंग पूरी तरह से तैयार है तो इसे चालू कराने में क्या परेशानी आ रही है।
नोडल अधिकारी को सीएमओ डॉ. चंद्रभूषणनाथ त्रिपाठी ने एमसीएच विंग चालू होने में आ रही परेशानी के बारे में जानकारी दी। सचिव ने दिक्कतों को दूर कर जल्द से जल्द इसे चालू कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान ही बिना अनुमति महिला अस्पताल में कैंटीन चलने व अवैध शौचालय की शिकायत को भी सचिव प्रीती शुक्ला ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।