जिले के तीन अस्पतालों में बनेंगे एसी वार्ड
गौरीगंज। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक से वापस आने के बाद सीएमओ ने जिले में आयुष्मान भारत योजना को बेहतर बनाने की पहल शुरू की है। सीएमओ ने संयुक्त जिला अस्पताल, सीएचसी अमेठी व जगदीशपुर में आयुष्मान भारत के मरीजों के लिए वार्ड आरक्षित करते हुए उसे एयर कंडीशन बनाने का निर्णय लिया है।
भारत सरकार की ओर से संचालित आयुष्मान भारत योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को बेहतर इलाज की सुविधा देने के लिए सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने नई पहल शुरू की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक से वापस आने के बाद शुक्रवार को सीएमओ ने आयुष्मान भारत के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए संयुक्त जिला अस्पताल के साथ ही सीएचसी जगदीशपुर व अमेठी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण से वापस आने के बाद सीएमओ ने तीनों अस्पताल अधीक्षक को पत्र जारी करते हुए आयुष्मान भारत योजना के तहत तीनों अस्पताल में एक-एक वार्ड आयुष्मान योजना के मरीजों के लिए आरक्षित करने का निर्देश दिया।
सीएमओ ने बताया कि आरक्षित वार्ड में एयर कंडीशन की सुविधा दी जाएगी। आरक्षित वार्ड में एसी लगाने के लिए अधीक्षक को तीन दिन का समय दिया गया है। चयनित लाभार्थी के अस्पताल पहुंचने पर उन्हें भर्ती करने की आवश्यकता पडने पर आरक्षित वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। इस वार्ड के लिए प्रसाधन भी अलग से होगा।
सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने बताया कि जगदीशपुर सीएचसी में आरक्षित वार्ड में जहां चार बेड होंगे वहीं संयुक्त जिला अस्पताल व सीएचसी अमेठी में छह-छह बेड रहेंगे।