36 एबीआरसी पर कार्रवाई की तलवार
गौरीगंज। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से लांच इच्छा मोबाइल ऐप पर न्यूनतम रिपोर्टिंग जिले के 13 ब्लॉक क्षेत्र में कार्यरत 36 ब्लॉक सह समन्वयक (एबीआरसी) को भारी पड़ सकती है।
निदेशक बेसिक शिक्षा की ओर से मानक के अनुरूप काम नहीं करने वाले एबीआरसी को प्रत्यावर्तित करने का आदेश मिलने के बाद बीएसए ने सभी से 12 जून तक लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब की सत्यापित कापी मिलने के बाद सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
जिले के 13 ब्लॉकों में मौजूद समय कुल 46 सह समन्वयक (एबीआरसी) तैनात हैं। शासन ने ब्लॉक स्तर पर कार्यरत सह समन्वयक को पिछले दिनों इच्छा एप मोबाइल पर ऑनलाइन अनुश्रवण एवं कक्षावलोकन करने को कहा था।
इसमें कक्षावलोकन की न्यूनतम अवधि 30 मिनट दी गई थी। शासन का निर्देश व बेसिक शिक्षा अधिकारी का आदेश मिलने के बावजूद अधिकांश एबीआरसी ने इसमें रुचि नहीं दिखाई।
पिछले दिनों शासन स्तर पर अनुश्रवण व कक्षावलोकन की समीक्षा हुई तो पाया गया कि जिले के 13 ब्लॉकों में कार्यरत 46 में से 36 एबीआरसी निर्धारित मानक (60 प्रतिशत) का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं।
समीक्षा में निर्देश की अवहेलना सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह ने बीएसए विनोद कुमार मिश्र को 36 एबीआरसी की सूची के साथ पत्र भेजा था।
भेजे गए पत्र में सभी को प्रत्यावर्तित करने को कहा गया है। निदेशक का पत्र मिलने के बाद बीएसए ने सभी 36 एबीआरसी को नोटिस जारी कर इच्छा मोबाइल ऐप पर अपनी प्रगति के संबंध में 12 जून तक लिखित जवाब देने को कहा है। शासन की समीक्षा में 10 एबीआरसी की ऑनलाइन अनुश्रवण व कक्षावलोकन की रिपोर्टिंग मानक के अनुरूप पाई गई है।
शासन के निर्धारित मानक पर खरे उतरने वालों में अमेठी ब्लॉक में तैनात अश्विनी कुमार शुक्ल, शशिधर त्रिपाठी व संतोष यादव, भेटुआ में तैनात झल्लर यादव, गौरीगंज में तैनात जगमोहन सिंह, शाहगढ़ में तैनात राजकुमार, मुसाफिरखाना में तैनात राम नरेश यादव, शुकुल बाजार में तैनात जमील अहमद, बहादुरपुर में तैनात रफीक अहमद व संग्रामपुर में तैनात गणेश प्रसाद तिवारी शामिल हैं।