व्यवसायी को पीटकर 57 हजार लूटे, केस दर्ज
अमेठी। शहर के सगरा तिराहे पर एक व्यवसायी की पिटाई कर 57 हजार रुपये लूटने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर केस दर्ज कर घायल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा।
कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सगरा तिराहा निवासी दीपक अग्रहरि ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि वे सगरा तिराहे पर बेकरी की दुकान करते हैं।
शुक्रवार रात करीब दस बजे शहर के चाणक्यपुरी निवासी हरिकेश सिंह, आर्यसमाज गली निवासी शुभम अग्रहरि, छोटू सोनी, रायबरेली निवासी अल्ताफ, भठियारन टोला निवासी पप्पू फारुकी दुकान पर पहुंचे और अभद्रता करने लगे।
विरोध करने पर उनलोगों ने मारपीट शुरू कर दी। तमंचा लगाकर गल्ले में रखे 57 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर घायल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा है। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।