दो बच्चों सहित चार को मधुमक्खियों ने काटा
सुल्तानपुर। महुआ बीन रही एक महिला पर मधु मक्खियों ने हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने पहुंचे दो बच्चों के साथ ही एक प्रौढ़ को भी मधुमक्खियों ने काट लिया।
ग्रामीणों ने चारों को किसी तरह बचाकर निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बच्चों और प्रौढ़ को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया, जबकि महिला का इलाज चल रहा है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के परसडा गांव निवासी सियाराम गुप्ता की पुत्री पुष्पा (35) मंगलवार की सुबह घर से दूर बाग में महुआ बीनने गई थी। अचानक मधुमक्खियों ने उस पर धावा बोल दिया।
मधुमक्खियों से घिरी पुष्पा की चीख़-पुकार पर बचाने दौड़े पिता सियाराम (55) व भतीजे प्रियांशु (10) व आयुष (7) पुत्रगण सुनील कुमार को भी मधुमक्खियों ने काट लिया।
ग्रामीणों ने धुएं व कंबल की मदद से चारों को मधुमक्खियों से बचा कर निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया, जहां पुष्पा का उपचार चल रहा है। अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।