बिना किताबों के आज
से होंगी सत्रीय परीक्षाएं
क्रासर-
कई जगह बीआरसी पर डंप पड़ी पाठ्य पुस्तकें
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। जिले के 612 उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा 1730 प्राथमिक विद्यालयों में सत्रीय परीक्षा सोमवार को शुरू होगी जबकि एक से लेकर कक्षा आठ में पूरी पाठ्य पुस्तकों का वितरण नहीं हो सका है। कक्षा एक और दो में कलरव, कक्षा तीन में हमारा परिवेश, कक्षा चार में कलरव व संस्कृत तथा कक्षा पांच में अंग्रेजी विषय की ही पाठ्य पुस्तकें वितरित हो पाई हैं। उर्दू विषय की किताबें किसी भी कक्षा में वितरित नहीं हुई। कई विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की उदासीनता के चलते पाठ्यपुस्तकें बीआरसी से विद्यालय ही नहीं पहुंच सकीं। लगभग सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर किताबें डंप हैं, लेकिन उन्हें विद्यालय तक पहुंचाने वाला कोई नहीं है। कई विद्यालयों में नई किताबें न पहुंचने से पुरानी पाठ्य पुस्तकों से काम चलाया जा रहा है।
बॉक्स
ब्लैक बोर्ड पर लिखे जाएंगे प्रश्न
सत्रीय परीक्षा के लिए प्रश्न ब्लैक बोर्ड पर लिखे जाएंगे। जिसे परीक्षार्थी अपनी कॉपी में उतार कर उत्तर सहित अध्यापकों को उपलब्ध कराएंगे। सत्रीय परीक्षा 21 से शुरू होकर तीन दिनों तक दोनों पालियों में चलेगी। बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह ने परीक्षाओं के संचालन के लिए न्याय पंचायत समन्वयकों को जिम्मेदारी सौंपी है।
बॉक्स
नहीं मिली कार्य पुस्तिकाएं
जिले के 1730 परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को वितरित होने वाली 10 प्रकार की कार्य पुस्तिकाओं का वितरण नहीं हो सका है। कक्षा एक और दो में भाषा एवं गणित, कक्षा तीन, चार व पांच में अंग्रेजी और गणित विषय में कार्य पुस्तिकाएं प्रयोग में लाई जाती हैं। आपूर्ति न होने से किसी भी कक्षा मेें इसका वितरण नहीं हो सका है। विभागीय कर्मियों के मुताबिक शासन स्तर से ही कार्य पुस्तिकाओं की आपूर्ति नहीं हुई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि पाठ्य पुस्तकों के वितरण में लापरवाही बरतने वाले अध्यापकों को दंडित किया जाएगा।