सुल्तानपुर। कादीपुर टीएचआर (टेक होम राशन) प्लांट से 150 क्विंटल गेहूं गायब होने का मामला सामने आया है। जांच के बाद गड़बड़ी सामने आने के बाद अब ब्लॉक मिशन प्रबंधक (बीएमएम) पर कार्रवाई की तैयारी है। कादीपुर प्लांट की जांच की गई तो पता चला कि गोदाम में रखे राशन में से करीब 150 क्विंटल गेहूं कम था।
काफी मशक्कत के बाद भी गेहूं नहीं मिला तो बीएमएम से पूछताछ की गई। पहले तो उन्होंने इस बात को सिरे से नकार दिया, लेकिन जांच टीम ने कड़ाई से पूछताछ की और कागज दिखाए तो उन्होंने गड़बड़ी की बात स्वीकार की।
जिसके बाद उपायुक्त केडी गोस्वामी ने बताया कि पहले तो बीएमएम ने गेहूं खराब होने की बात बताई थी, लेकिन बाद में बीएमएम अनिल कुमार ने गड़बड़ी की बात स्वीकारी है। उन्हें गेहूं वापस करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी गई है, कार्रवाई भी की जाएगी।
इनसेट..
जयसिंहपुर में भी गेहूं सहित 16.77 लाख की सामग्री का गबन, मुकदमा
सुल्तानपुर। जयसिंहपुर के टीएचआर (प्लांट पुष्टाहार निर्माण इकाई) में ब्लॉक मिशन प्रबंधक (बीएमएम) पर सैकड़ों क्विंटल गेहूं समेत 16,77,810 रुपये की सामग्री गायब करने का आरोप लगा है। निरीक्षण में खुलासे के बाद आरोपी बीएमएम पर जयसिंहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उपायुक्त एनआरएलएम केडी गोस्वामी व जिला मिशन प्रबंधक ने मुइली स्थित जयसिंहपुर के टीएचआर प्लांट की 25 अप्रैल को जांच की। जांच में प्लांट से 405 क्विंटल गेहूं, 9.51 क्विंटल मूंग की दाल, तीन क्विंटल चीनी और 59 बोरी मिल्क पाउडर गायब मिला। इसके पहले का करीब 25 बोरी मिल्क पाउडर बगल के एक पंचायत भवन में मिला।
जिला मिशन प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव ने बीएमएम के खिलाफ जयसिंहपुर थाने में शनिवार को प्राथमिक दर्ज करा दी।