अलग-अलग तिथियों में कराए गए निरीक्षण में अनुपस्थित रहने के साथ ही अन्य कमियां मिलने पर डीपीआरओ ने सख्त रुख अख्तियार किया है। जिले के 15 सफाई कर्मियों के वेतन आहरण पर रोक लगा दी गई है। डीपीआरओ ने इन सफाई कर्मियों को नोटिस देकर एक हफ्ते के अंदर जवाब मांगा है।
सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी आशुतोष कुमार ने बीते 15, 19 और 24 जून को जिले के कई गांवों का औचक निरीक्षण कर सफाई कर्मियों की मौजूदगी व कार्यों की हकीकत जानी थी।
डीपीआरओ कार्यालय को सौंपी गई एडीपीआरओ की रिपोर्ट को आधार मानें तो निरीक्षण के दौरान अन्य गंभीर खामियां पकड़ में आने के साथ ही मुसाफिरखाना ब्लॉक के गांव मिश्रपुर की सफाई कर्मी बुंदेला, कोड़री में तैनात रमेश कुमार, चकदोहरी में तैनात आत्म प्रकाश पांडेय, रुदौली में तैनात राकेश कुमार, कस्थुनी पश्चिम में तैनात राकेश कुमार, कस्थुनी पूरब में तैनात रामसुख यादव, मानामदनपुर में तैनात ओम प्रकाश व जगदीशपुर ब्लॉक के दुलारीनगर में तैनात मुकेश कुमार, मंगरौरा में तैनात कमलेश, कमरौली में तैनात विनोद प्रजापति, कठौरा में तैनात शोभनाथ, दौलतपुर निसूरा में तैनात भीम व मंगरौली बागमीरा में तैनात विनोद नदारद मिले थे।
भेटुआ के एडीओ पंचायत एचएन सिंह के औचक निरीक्षण में टिकरी में तैनात नरेंद्र बाबू व रवि कुमार अनुपस्थित मिले थे। दोनों अधिकारियों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीपीआरओ एसबी सिंह ने सभी 15 सफाई कर्मियों के वेतन आहरण पर रोक लगाते हुए उनसे जवाब तलब किया है। यह भी कहा गया है कि जवाब संतोषजनक नहीं होने की स्थिति में उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है।