ऑपरेशन स्माइल के जरिए 33 बच्चे तलाशे
क्रासर
एसपी के आदेश पर 17 थानों में चलाया गया अभियान
फोटो संख्या-52
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। जिले में बिछड़े बच्चों को खोज निकालने के लिए 17 थाना क्षेत्रों में चलाए गए ऑपरेशन स्माइल के जरिए पुलिस ने 33 बच्चों को बरामद किया है। सोमवार को बरामद बच्चों को पुलिस अधीक्षक ने परिवारीजनों की सुपुर्दगी में सौंप दिया। एसपी ने अच्छी तरह से काम करने वाले तीन दरोगाओं को पुरस्कार भी दिया है। अपने लापता बच्चों को पाकर परिवारीजन खुश हो गए।
पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय ने जिले में लगातार गायब हो रहे नाबालिग व बालिग की तलाश के लिए 17 थाना क्षेत्रों में ऑपरेशन स्माइल चलाने का आदेश दिया था। ऑपरेशन स्माइल के तहत जिले के सभी थानों में एक जून से 31 जून तक थाने में दर्ज मुकदमे के विवेचकों ने लगातार मेहनत की। ऑपरेशन स्माइल के जरिए कुल 33 बच्चे बरामद किए गए। इनमें नौ बच्चे बालिग थे। एसपी ने बताया कि कुड़वार, धम्मौर, कोतवाली देहात, कूरेभार, चांदा, मोतिगरपुर और कोतवाली नगर में दर्ज गुमशुदगी के तहत बच्चों को बरामद किया गया है। एसपी ने ऑपरेशन स्माइल के तहत तेजी से काम करने वाले दरोगा सैफुल्ला अहमद, एसआई चौरसिया को दो-दो हजार रुपये पुरस्कार दिया है, जबकि दरोगा सुरेश पांडेय को एक हजार रुपये का इनाम दिया है। सोमवार को बरामद बच्चों को पाकर उनके परिवारीजन खुश हो गए। इस मौके पर एएसपी सूर्यकांत त्रिपाठी, सीओ धर्मेंद्र सचान, सीओ नवीना शुक्ला समेत कई पुलिस कर्मी और बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।