संपत्ति बंटवारे को लेकर मारपीट
में महिला समेत आठ घायल
क्रासर
सीएचसी में भर्ती, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
संग्रामपुर (अमेठी)। संपत्ति के बटवारे को लेकर रविवार की देर शाम दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में चार महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। परिवारीजनों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के दला का पुरवा मजरे छाछा निवासी मोहित व राज बहादुर के बीच काफी दिनों से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार देर शाम बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट में मोहित पक्ष से सविता पत्नी विजय कुमार, सरिता पत्नी मोहित और दूसरे पक्ष से गायत्री, सूरसती, राममिलन, संजीत, रंजीत व राज बहादुर घायल हो गए। परिवारीजन घायलों को लेकर सीएचसी अमेठी पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। थानाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।