तीसरे चरण के नामांकन के पहले दिन मंगलवार को गहमागहमी के बीच जिला पंचायत सदस्य 10 वार्डों के लिए 143 परचे भरे गए। नामांकन के पूर्व कई दावेदारों ने अपने क्षेत्रों में शक्ति प्रदर्शन किया। जुलूस के साथ क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद जिला पंचायत में अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया।
इस दौरान एक किन्नर ने भी नाम निर्देशन पत्र भरा। तीसरे चरण के नामांकन एवं दूसरे चरण के चुनाव चिह्न आवंटन प्रक्रिया से शहर में शाम तक भीड़ रही। कई मार्गों पर जाम लगते रहे। चार ब्लॉकों में भी क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नामांकन पत्र गहमागहमी के बीच भरे गए। अधिकारियों ने नामांकन स्थलों का दौरा भी किया।
17 अक्तूबर को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को तीसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। नामांकन के पहले दिन जिला पंचायत परिसर एवं बाहर काफी गहमागहमी रही। समर्थकों एवं प्रस्तावकों के साथ जिला पंचायत के 10 वार्डों के लिए 143 नाम निर्देशन पत्र दाखिल हुए।
दोपहर को एकाएक बढ़ी दावेदारों की संख्या से जिला पंचायत सभागार में कतार लग गई। शाम तक जिला पंचायत में तीसरे चरण का नामांकन चलता रहा। जिला पंचायत में डीडीसी का नामांकन करने के पूर्व कई दावेदारों ने अपने क्षेत्रों में शक्ति प्रदर्शन किया। जुलूस निकालकर पहले क्षेत्र का भ्रमण किया उसके बाद दावेदार नामांकन के लिए पहुंचे। जिला पंचायत के पास भी दावेदारों के समर्थकों की भीड़ बढ़ने से पुलिस एवं प्रशासन को कई बार परेशानियां हुईं। पुलिस दिन भर समर्थकों को हटाती रही। जिला पंचायत के आरओ डीएस उपाध्याय ने बताया कि तीसरे चरण के नामांकन पत्र बुधवार को भी भरे जाएंगे।
किन्नर चांदनी ने भी भरा परचा
जिला पंचायत वार्ड संख्या चार से एक किन्नर ने भी मंगलवार को तीसरे चरण में अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। नामांकन के समय उसके साथ कई किन्नर मौजूद रहे।