होम्योपैथिक चिकित्सक की हत्या में छह के खिलाफ केस
सुल्तानपुर। करीब तीन हफ्ते पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में हुई होम्योपैथिक चिकित्सक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। डॉक्टर के पिता ने छह लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि एक मुकदमे की पैरवी को लेकर विरोधी पक्ष ने जहर देकर डॉक्टर को मार डाला। पुलिस केस दर्ज कर छानबीन कर रही है।
लंभुआ कस्बा में दुर्गापुर तिराहे के पास होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार निवासी बदरूद्दीनपुर कोतवाली देहात क्लीनिक चलाते थे। गत 13 मई की भोर में डॉ. राजेश कुमार सीएचसी लंभुआ पहुंचे थे, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता नहीं चलने पर विसरा सुरक्षित रखा गया था।
शनिवार को डॉ. राजेश के पिता हरि प्रसाद लंभुआ कोतवाली पहुंचे और बेटे को जहर देकर मारे जाने का आरोप लगाते हुए छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रविकांत, राम अचल समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। हरि प्रसाद के मुताबिक उनका बेटा चचेरे भाई बब्बन प्रसाद की हत्या के मुकदमे की पैरवी करता था। रविकांत आदि ने उसी रंजिश में उनके बेटे को जहर देकर मार डाला।