बार एसोसिएशन चुनाव में
80 नामांकन पत्रों की बिक्री
क्रासर-
17 पदों के लिए 70 प्रत्याशियों ने खरीदे पर्चे
आज प्रत्याशी दाखिल करेंगे नामांकन पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। बार एसोसिएशन चुनाव में मंगलवार को 80 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। अध्यक्ष, सचिव समेत 17 पदों के लिए 70 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्रों की खरीदारी की है। बुधवार को प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। चुनाव को लेकर दिन भर दीवानी न्यायालय परिसर में गहमागहमी रही।
दीवानी न्यायालय परिसर में स्थित अधिवक्ता संघ भवन में सुबह 10 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। तीन बजे तक अध्यक्ष, सचिव समेत 17 पदों के लिए 70 प्रत्याशियों ने 80 पर्चो की खरीदारी की। कई प्रत्याशियों ने दो-तीन सेटों में पर्चे खरीदे हैं। सचिव रामअछैवर तिवारी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 14, सचिव के लिए 11, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष व ट्रेजरार के लिए पांच-पांच, ऑडीटर के लिए चार, सह सचिव प्रशासन के लिए तीन, सह सचिव पुस्तकालय के लिए चार, सह सचिव खुर्शीद क्लब के लिए छह वकीलों ने पर्चा खरीदा है। इसके अलावा वरिष्ठ कार्यकारिणी के चार पदों के लिए छह और कनिष्ठ कार्यकारिणी के चार पदों के लिए सात प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र की खरीदारी की है। बुधवार को प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। 20 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 21 जुलाई को पर्चा वापसी की तिथि नियत की गई है। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राजकिशोर सिंह, बार अध्यक्ष अरुण उपाध्याय, सचिव रामअछैवर तिवारी, पूर्व अध्यक्ष करुणाशंकर दुबे, अशोक शुक्ल, उमाशंकर तिवारी, बेलाल अहमद, कृपाशंकर सिंह, दिवाकर पाठक, संजय शर्मा समेत अन्य लोग पर्चा ब्रिकी की देखरेख में लगे रहे।