भदैंया (सुल्तानपुर)। लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग के पखरौली रेलवे स्टेशन के निकट स्थित क्रॉसिंग पर ट्रैक के मरम्मत कार्य के चलते मंगलवार की शाम से बुधवार की सुबह तक 13 घंटे का मेगा रोड ब्लॉक लिया गया है।
डीएम के निर्देश पर मंगलवार की शाम लखनऊ-वाराणसी हाईवे का रूट डायवर्जन किया गया। रूट डायवर्जन होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुलतानपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर पखरौली रेलवे क्रॉसिंग 69 बी रेल ट्रैक की मरम्मत के कार्य को लेकर रेलवे ने मंगलवार की शाम छह बजे से बुधवार को सुबह सात बजे तक हाईवे पर ट्रैफिक ब्लॉक देने की अनुमति जिलाधिकारी से मांगी थी।
डीएम के निर्देश पर मगंलवार की शाम को पखरौली रेलवे क्रॉसिंग से सभी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। वाहनों की आवाजाही दोमुंहा के रास्ते अयोध्या-प्रयागराज बाईपास से किया गया। यातायात व्यवस्था में कोतवाली देहात थाने की पुलिस लगी रही।
रेल प्रशासन ने ट्रेनों का संचालन कासन पर किया। स्टेशन अधीक्षक पखरौली आरएस भारती ने बताया कि रेल पथ मरम्मत के लिए मंगलवार शाम छह बजे से बुधवार की सुबह सात बजे तक 13 घंटे का ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान रूट डायवर्जन किया गया।