सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए मंगलवार को जिले के केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई। पहले जारी केंद्रों की अनंतिम सूची में कोई बदलाव न करते हुए 122 केंद्रों को यथावत रखा गया है। इन केंद्रों पर 76,694 हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के परीक्षा प्रभारी जितेंद्र दुबे ने बताया कि परीक्षा में हाईस्कूल के 40122 व इंटरमीडिएट के 36572 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है। इसमें हाईस्कूल में 20360 बालक, 19582 बालिका व प्राइवेट 180 विद्यार्थी शामिल हैं। इंटरमीडिएट में 17506 बालक, 18137 बालिका व 929 प्राइवेट विद्यार्थियों ने नामांकन किया है।
विभाग की ओर से तैयार सॉफ्टवेयर पर फीड की गई सूचनाओं के आधार पर विद्यालय की ग्रेडिंग कर सबसे अधिक अंक वाले विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि अंतिम सूची जारी हो गई है। पूर्व में जारी 122 केंद्रों पर ही बोर्ड परीक्षा आयोजित होगी।