सैलरी न मिलने पर सुरक्षा गार्डों ने बंद किए 39 एटीएम
सुल्तानपुर। बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तनख्वाह न मिलने से नाराज होकर बुधवार को शहर समेत ग्रामीणांचल के करीब 39 एटीएम के शटर गिराकर ताले लगा दिए।
नाराज सुरक्षा कर्मियों ने पीडब्ल्यूडी स्थित बॉब के क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सिक्योरिटी एजेंसी की ओर से पिछले तीन महीने की सैलरी नहीं मिलने का आरोप लगाया।
जिले में बैंक आफ बड़ौदा की ओर से करीब 39 एटीएम का संचालन किया जा रहा है। इन एटीएम पर सीएसएस सिक्योरिटी कंपनी की ओर से सुरक्षा गार्डों की तैनाती की गई है।
बुधवार को बॉब के एटीएम की सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड तीन माह से तनख्वाह न मिलने का आरोप लगाते हुए लामबंद हो गए।
लंबित भुगतान की अदायगी की मांग को लेकर लामबंद हुए सुरक्षा कर्मियों ने एटीएम के शटर गिराकर ताले बंद कर दिए। शहर समेत ग्रामीणांचल में स्थित एटीएम पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड सुबह करीब 12 बजे जिला मुख्यालय के पीडब्ल्यूडी क्षेत्र में स्थित बॉब के रीजनल कार्यालय पर पहुंच गए।
रीजनल कार्यालय पहुंचे सिक्योरिटी गार्डों ने नारेबाजी शुरू कर दी। सुरक्षा कर्मियों का आरोप था कि वे लगातार एटीएम पर ड्यूटी कर रहे हैं। पिछले तीन महीने से सिक्योरिटी कंपनी की ओर से उन्हें तनख्वाह नहीं दी जा रही है।
इससे उनके समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन की जानकारी होने पर क्षेत्रीय कार्यालय में मौजूद बैंक के अधिकारी भी सुरक्षा कर्मियों के पास पहुंचे। सुरक्षा कर्मियों ने बैंक अधिकारियों से अपनी समस्याएं बताईं।
इसके बाद बैंक अधिकारियों ने सिक्योरिटी कंपनी से गार्डों के लंबित भुगतान के बारे में संपर्क किया। सिक्योरिटी कंपनी की ओर से बताया कि कुछ औपचारिकताएं पूरी नहीं होने की वजह से सैलरी रोकी गई थी।
जल्द ही भुगतान करा दिया जाएगा। बैंक अधिकारियों की वार्ता के बाद सिक्योरिटी गार्डों का आक्रोश थम सका। जिला मुख्यालय व ग्रामीणांचलों में स्थित बॉब के करीब 39 एटीएम पर ताले बंद होने से लोगों को धन निकासी में भी परेशानी हुई।
प्रदर्शन करने वालों में लल्लन तिवारी, सर्वेश तिवारी, प्रभाकर तिवारी, राजेंद्र, राजेश, शिवशंकर, महेंद्र समेत बड़ी संख्या में सिक्योरिटी गार्ड मौजूद रहे।