सुल्तानपुर। शहर के नरायनपुर वार्ड में स्थापित ओवरहेड टैंक से जल्द जलापूर्ति होगी। इसके लिए जल निगम की ओर से पाइप लाइन का वविस्तार शुरू होने वाला है। 12 किमी के दायरे में पाइप लाइन का विस्तार होने से आस-पास की करीब 15 हजार की आबादी को निर्बाध जलापूर्ति मिलेगी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 30 लाख रुपये का खर्च आएगा।
यूआईडीएसएसएमटी योजना (अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम फॉर स्मॉल एंड मीडियम टाउन) के अंतर्गत शहर के नरायनपुर वार्ड में पेयजल परियोजना के विस्तार का कार्य बजट के अभाव में रुका था। इस वजह से करीब 15 हजार की आबादी को निर्बाध जलापूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
जल निगम के प्रस्ताव के बाद इस वर्ष शासन की ओर से बजट स्वीकृत कर दिया गया है। प्रोजेक्ट के अंतर्गत नरायनपुर वार्ड में स्थित ओवरहेड टैंक से लिंकअप कर पाइप लाइन का विस्तार कराया जाएगा। जल निगम की ओर से बनाए गए प्रोजेक्ट के मुताबिक क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
जल निगम के अवर अभियंता सुधीर यादव ने बताया कि बजट के अभाव में काम रुका था। बजट आवंटन हो गया है। इसी सप्ताह से पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू करा दिया जाएगा। मार्च माह तक प्रोजेक्ट पूरा किए जाने की उम्मीद है।