अमेठी की सगरा झील का होगा सुंदरीकरण
अमेठी। नगर की चर्चित सगरा झील का सुंदरीकरण होगा। इसके साथ ही शहर में नवग्रह वाटिका, अध्यात्म केंद्र, व्यायामशाला और पार्क भी बनेंगे। नगर के कायाकल्प का निर्णय शनिवार को हुई नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में लिया गया। इसकी कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन कार्यों पर आने वाली लागत का आगणन भी किया जा रहा है। शासन से धन स्वीकृत होते ही कार्य शुरू हो जाएगा। शहर के 25 हजार लोगों को सुंदरीकरण का लाभ होगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी और ईओ सेवाराम राजभर की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में बनाई गई कार्ययोजना से शहर के दिन बहुरने के आसार दिख रहे हैं। बैठक में नगर पंचायत के कायाकल्प की कार्ययोजना बनाई गई। कार्ययोजना के तहत शहर में सगरा तिराहे पर स्थित सगरा झील का सुंदरीकरण कराया जाएगा। झील में बोटिंग व्यवस्था होगी। झील के चारों ओर पार्क बनेगा। इसके साथ ही झील के बगल में व्यायामशाला व दुकानें बनेंगी। लाइट व फव्वारा की व्यवस्था होगी।
नगर के वार्ड-तीन में नवग्रह वाटिका, योग केंद्र, अध्यात्म केंद्र, तर्पण स्थल और श्मशान स्थल बनेगा। खेरौना स्थित नगर पंचायत की भूमि पर भूमिहीनों के लिए बहुमंजिला इमारत बनेगी, जिसमें सैकड़ों गरीब परिवार गुजर कर सकेंगे। आवास विकास कॉलोनी स्थित सभी पार्कों का सुंदरीकरण, बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क, हाईमास्ट लाइट लगाने की भी तैयारी है। चिक मंडी और मछली मंडी के लिए अलग-अलग स्थान की व्यवस्था होगी।
नगर पंचायत के अन्य तालाबों का भी सुंदरीकरण करने और उनके किनारों पर पार्क बनाए जाएंगे। नगर पंचायत में कूड़ा प्रबंधन के लिए दो हाइड्रोलिक वाहन और सभी प्रमुख चौराहों और वार्डों के प्रमुख स्थलों पर कूड़ा कंटेनर रखे जाएंगे। चाण्क्यपुरी मोहल्ले में लाइट फव्वारों से युक्त पार्क का निर्माण होगा।
इसके साथ ही नगर पंचायत स्थित चौराहों पर बने पार्क में जगह की व्यवस्था के हिसाब से फव्वारों आदि की व्यवस्था होगी। शहर के सुंदरीकरण का लाभ करीब 25 हजार आबादी को मिलेगा। नगर पंचायत ईओ सेवाराम राजभर ने बताया कि बोर्ड की बैठक में कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। राजस्व विभाग के सहयोग से भूमि का चिह्नांकन कराया जा रहा है। इस संबंध में शासन को पत्र भेजा गया है। बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण को मूर्त रूप दिया जाएगा।