दंपती से तमंचे के बल पर लूटपाट
बाजार से घर लौटने के दौरान अंजाम दी वारदात
मोबाइल व पर्स लेकर भागे, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। बाजार से घर लौट रहे बाइक सवार दंपती से दो युवक तमंचे के जोर पर मोबाइल सेट व पर्स लूटकर फरार हो गए। सूचना के बाद पहुंची यूपी 100 ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित दंपती ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जय सिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के पीढ़ी निवासी बृजमोहन सिंह मंगलवार की शाम अपनी पत्नी प्रियंवदा सिंह के साथ बाजार से घर लौट रहे थे। दंपती क्षेत्र के बिझूरी मोड के पास पहुंचे थे कि एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया। दंपती जब तक कुछ समझते एक युवक ने तमंचा निकालकर दोनों पर तान दिया। एक बदमाश ने प्रियंवदा सिंह का बैग, मोबाइल और बृजमोहन सिंह का मोबाइल, बाइक की चाबी छीनकर भाग गए। पीड़ित दंपती ने इसकी सूचना राहगीरों के माध्यम से यूपी 100 को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। जयसिंहपुर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।