शिविर में रक्तदान करते युवा। स्रोत- आयोजक
सुल्तानपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार ने माता भगवती देवी के जन्मशताब्दी के अवसर पर बुधवार को शहर के मैरिज लॉन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जिसमें 120 युवाओं ने रक्तदान कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी इंद्रजीत और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिलाधिकारी इंद्रजीत ने युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि हर स्वस्थ युवा को इस महादान के लिए आगे आने की आवश्यकता है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सुल्तानपुर जिला रक्तदान के क्षेत्र में समृद्ध है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भरत भूषण ने रक्तदान शिविर को पुनीत कार्य बताया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह ने रक्तदान को एक सुरक्षित प्रक्रिया बताया। इस मौके पर जिला प्रचारक देवदत्त, पूर्व सीएमएस डॉ. एसके गोयल, डॉ. पवन सिंह, डॉ. सुपर्णा दुबे, रुद्र प्रताप सिंह मदन, आयोजक डॉ. सुधाकर सिंह, नीरव पांडेय, अभिषेक सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।