चुनाव ड्यूटी की आड़ लेकर विद्यालयों से लापता रहने वाले शिक्षकों को बृहस्पतिवार का दिन भारी पड़ा। पूरे जिले में बीएसए व सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने एक साथ 176 परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में विद्यालय से बिना कोई पूर्व सूचना दिए अनुपस्थित रहे 12 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया। यही नहीं पांच अनुदेशक, तीन प्रशिक्षु शिक्षक एवं एक शिक्षामित्र का वेतन रोककर उनसे जवाब तलब किया गया है।
बृहस्पतिवार को बीएसए रमेश यादव ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों के औचक निरीक्षण का निर्देश दिया था। वे स्वयं भी औचक निरीक्षण के लिए निकले। निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालयों के पांच सहायक अध्यापक व चार हेडमास्टर बिना कारण बताए विद्यालय से अनुपस्थित मिले। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में दो सहायक अध्यापक एवं एक प्रधानाध्यापक भी विद्यालय से नदारद रहे।
भदैंया विकासखंड के बजेठी गांव में स्थित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत सात शिक्षकों एवं अनुदेशकों के बिना कारण बताए गायब रहने पर उनके खिलाफ कार्रवाई हुई है। बीएसए ने सभी 12 शिक्षकों को निलंबित कर उन्हें संबंधित विद्यालय से ही संबद्घ कर दिया है। सभी निलंबित शिक्षकों के प्रकरण की जांच उनके खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है।
इन 12 शिक्षकों का हुआ निलंबन
सुल्तानपुर। कूरेभार विकासखंड के कटका खानपुर प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत सहायक अध्यापक अंजूलता सिंह, प्रतापपुर कमैचा विकासखंड के मनी का पुरवा प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत रेखा सिंह एवं ईशीपुर प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक सभाजीत, जयसिंहपुर विकासखंड के महमूदपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक आशीष कुमार, बल्दीराय विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर में कार्यरत सहायक अध्यापक संगीता सिंह, बघौना प्रथम प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक सत्य प्रकाश, डीह सिंदुरापुर में प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर, तिरहुंत में प्रधानाध्यापक जंगबहादुर राना व बघौना में सहायक अध्यापक प्रकाश को निलंबित किया गया है। भदैंया विकासखंड के बजेठी प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक शीला यादव, बजेठी में ही उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोबीन अहमद व सहायक अध्यापक राधेश्याम तिवारी को अपने विद्यालयों से नदारद रहने पर उन्हें निलंबित किया गया है।