सुल्तानपुर। पूरे गुलजार और पूरे जानकी दूबे गांव में चोरों ने रविवार की रात दो घरों को निशाना बनाया। एक घर में सेंध लगाकर तो दूसरे घर में छत के रास्ते दाखिल हुए चोरों ने 12 लाख 30 हजार रुपये कीमत के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार को सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर केस दर्ज किया है।
हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे गुलजार गांव निवासी राजकरन यादव के घर में रविवार की रात परिवारीजन सो रहे थे। देर रात करीब दो बजे घर की दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोरों ने दो लाख रुपये कीमत के जेवरात और 30 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
खट-पट की आवाज सुनकर नींद से जागे घर वालों ने चोरों को पीछा किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण वे भाग निकले। दूसरी घटना भी इसी थाना क्षेत्र के पूरे जानकी दूबे गांव की है। गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद के घर छत के रास्ते घुसे चोरों ने 10 लाख रुपये कीमत के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
सोमवार की सुबह चोरी की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद एसओ अरशद खां पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। एसओ ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।