सुल्तानपुर। प्रदेश सरकार की अति महत्वाकांक्षी कन्या धन योजना के तहत जिले में यूपी बोर्ड के लिए 1176 बालिकाओं का लक्ष्य मिला है। शासनादेश के मुताबिक कुल लक्ष्य का 25 प्रतिशत सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड का टारगेट अभी और दिया जाएगा। योजना की पात्रता को पूरी तरह परिवर्तित कर दिया गया है। इस बार आय की जगह मेरिट के आधार पर लाभार्थियों का चयन होगा। चयनित छात्राओं को 20 की जगह 30 हजार रुपये का लाभ दिया जाएगा।
मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन और सहयोग के लिए प्रदेश की समाजवादी पार्टी विभिन्न योजनाएं चला रही है। मेधावी छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए कन्या विद्या धन योजना के तहत एकमुश्त धनराशि देती है। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राओं को योजना का लाभ मिलता है। इस बार योजना के नियम व कायदे में कुछ परिवर्तन किया गया है। योजना के तहत हर जिले में 75 प्रतिशत यूपी बोर्ड और 25 प्रतिशत सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड की छात्राओं को लाभ दिया जाएगा। शासन ने यूपी बोर्ड के की छात्राओं के लिए 1176 का लक्ष्य दिया है।
अन्य बोर्ड के लिए अभी लक्ष्य का निर्धारण नहीं हुआ है। वहीं, अभी तक आय के साथ मेरिट के आधार पर पात्रता मानी जाती थी। इस बार आय की जगह मेरिट को पात्रता का आधार बनाया गया है। योजना के तहत 20 की जगह 30 हजार रुपये एकमुश्त लाभ दिया जाएगा।