जिला अस्पताल में जल्द मिलेगी डिजिटल एक्स-रे सुविधा
गौरीगंज। शहर स्थित जिला अस्पताल में मरीजों को जल्द ही डिजिटल एक्स-रे की सुविधा मुहैया होगी। सीटी स्कैन शुरू होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने डिजिटल एक्स-रे संचालन की कवायद शुरू कर दी है। जिला अस्पताल पहुंची मशीन को लगाने की तैयारी चल रही है। इसके बाद डिजिटल एक्स-रे के लिए घायलों के साथ मरीजों को दूसरे जिलों की दौड़ नहीं लगानी होगी।
असैदापुर स्थित मलिक मोहम्मद जायसी संयुक्त जिला अस्पताल में सीटी स्कैन सेवा पिछले दिनों ही शुरू की गई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग डिजिटल एक्स-रे सेवा शुरू करने की कवायद में जुटा है। निदेशक स्वास्थ्य ने डिजिटल एक्स-रे सुविधा को मंजूरी देने के साथ सीएमओ को मानक के अनुरूप कक्ष में मशीन स्थापना का निर्देश दिया। सीएमओ ने अस्पताल परिसर में खाली पड़े कमरे को एक्स-रे कक्ष के रूप में तैयार कराने की जिम्मेदारी अधीक्षक को दी।
आपूर्तिकर्ता फर्म से डिजिटल एक्स-रे मशीन मिल चुकी है। डीएम से मशीन संचालन का अनुमोदन मिलने और कक्ष तैयार होने के बाद फर्म डिजिटल एक्स-रे सेवा शुरू हो जाएगी। इसके बाद घटना-दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के साथ अन्य मरीजों को दूसरे जिलों की दौड़ लगाने से छुटकारा मिलेगा। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने डिजिटल एक्स-रे मशीन की आपूर्ति होने की पुष्टि की। बताया कि डीएम का अनुमोदन मिलने व मशीन लगने के बाद डिजिटल एक्स-रे की सुविधा मरीजों को मिल सकेगी।