परीक्षा के दौरान बिगड़ी छात्रा की तबीयत
गौरीगंज। तिलोई तहसील के जनता जर्नादन इंटर कॉलेज में बुधवार को पहली पाली में आयोजित परीक्षा के दौरान हाईस्कूल गृहविज्ञान का पेपर दे रही एक छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। विद्यालय प्रशासन ने छात्रा को एंबुलेंस से पीएचसी तिलोई भेज उसका इलाज करवाया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद बालिका ने परीक्षा दी, जिसके बाद उसे परिवारीजनों के साथ घर भेज दिया गया।
यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान बुधवार को शारदा पटेल इंटर कॉलेज अहुरी के हाईस्कूल की परीक्षार्थी तारावती की जनता जर्नादन इंटर कॉलेज में हाईस्कूल के गृहविज्ञान की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान अचानक तारावती की तबीयत खराब हुई ओर वह गिर गई तो परीक्षा केंद्र में हड़कंप मचा गया।
केंद्र व्यवस्थापक ने आरपी सिंह ने आनन-फानन पूरे मामले की जानकारी अफसरों को देते हुए 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से छात्रा को पीएचसी तिलोई भेजा। जहां उपचार के बाद उसने किसी तरह परीक्षा दी। परीक्षा समाप्ति के बाद केंद्र व्यवस्थापक ने परिवारीजनों के साथ उसे घर भेजवाया।